बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के बमनपुरा गांव में सोमवार सुबह युवक और किशोरी का शव बेर के पेड़ से लटके मिलने से हड़कंप मच गया।दोनों प्रेमी-प्रेमिका बताए जा रहे हैं।दोनों के परिजनों ने एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगाया है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। बता दें कि बेर की पेड़ पर युवक का शव उसके गमछे से लटका मिला है, जबकि किशोरी का शव दुपट्टे से लटका मिला है। पेड़ की डाल पर लटके दोनों शव में कुछ दूरी का फैसला था।
बमनपुरा गांव का 21 वर्षीय अर्जुन पुत्र ठकुरी खेतीबाड़ी में परिवार का हाथ बंटाता था।अर्जुन का प्रेम प्रसंग 17 वर्षीय किशोरी से चल रहा था।दोनों स्वजातीय थे। प्रेमी युगल के प्रेम प्रसंग की भनक दोनों के परिवारों को थी। रविवार रात लगभग 12 बजे किशोरी घर से अचानक लापता हो गई थी।किशोरी के परिजन अर्जुन के घर गए,लेकिन वो घर पर नहीं मिला।किशोरी के परिजनों ने अर्जुन पर भगा ले जाने का आरोप लगाया। इसके बाद अर्जुन और किशोरी के परिजनों ने दोनों की तलाश की,लेकिन दोनों का गांव में कोई सुराग नहीं मिला।सोमवार सुबह सात बजे गांव की एक महिला गोबर डालने जा रही थी।जहां गांव के बाहर बेर के पेड़ पर दोनों का शव लटका देखा। महिला ने गांव में जाकर घटना की जानकारी दी।इसके बाद दोनों के परिजन रोते बिलखते मौके पहुंच गए।
ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही एसओ देवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे।एसएसपी डॉ. बृजेश सिंह, एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी भी पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस को जांच में पता चला है कि प्रेमी युगल लगभग डेढ़ साल से मोबाइल फोन पर एक दूसरे से बात कर रहे थे। दोनों के परिजनों ने एक-दूसरे पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकने के आरोप लगाए हैं। इस पर पुलिस जांच कर रही है।