जलेसर में BPCL पेट्रोल पंप पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं है का नोटिस,प्रशासन बोला-स्टॉक पर्याप्त,अफवाहों से बचें
जलेसर में BPCL पेट्रोल पंप पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं है का नोटिस,प्रशासन बोला-स्टॉक पर्याप्त,अफवाहों से बचें

27 Mar 2026 |   80



ब्यूरो तुर्रम सिंह 

एटा।जिले के कस्बा जलेसर में भारत पेट्रोलियम (BPCL) के कमल एग्रो फिलिंग स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर पेट्रोल उपलब्ध नहीं है का नोटिस लगाए जाने से क्षेत्र में असमंजस की स्थिति बन गई।नोटिस की तस्वीर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई कि जब प्रशासन जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है,तो पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म होने की नौबत क्यों आई।

बताया जा रहा है कि यह तस्वीर दोपहर लगभग 1:15 बजे की है,जिसमें पेट्रोल पंप पर लिखा नोटिस स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।इसे देखकर वाहन चालकों में चिंता बढ़ी और कई लोग अन्य पेट्रोल पंपों की ओर रुख करते नजर आए।
इधर जिला प्रशासन ने स्थिति को लेकर स्पष्ट किया है कि जनपद में पेट्रोल,डीजल,सीएनजी और घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। 

जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर आपूर्ति सामान्य होने की बात कही।वहीं जलेसर एसडीएम भावना विमल ने भी गैस एजेंसियों के गोदामों और कार्यालयों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देश पर पूर्ति विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें सक्रिय हैं और जमाखोरी व कालाबाजारी पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर 05742-234254 जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ से बचें।हालांकि स्थानीय स्तर पर कुछ पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगने और अस्थायी रूप से ईंधन खत्म होने की खबरें भी सामने आ रही हैं। 

जानकारों का मानना है कि हाल के दिनों में फैली अफवाहों के चलते पैनिक बाइंग बढ़ी है,जिससे कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी दबाव बना और स्टॉक जल्दी समाप्त हो गया।

प्राथमिक तौर पर यह मामला व्यापक कमी का नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर आपूर्ति बाधित होने या अचानक बढ़ी मांग का प्रतीत होता है। प्रशासन जहां आपूर्ति सामान्य बता रहा है, वहीं कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी समस्या से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें,अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

More news