ब्यूरो तुर्रम सिंह राजपूत✍️
एटा।तहसील जलेसर क्षेत्र के ग्राम मुढ़ई प्रहलाद नगर में रविवार तड़के प्रशासन ने अवैध मिट्टी खुदाई के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।उपजिलाधिकारी पीयूष रावत के नेतृत्व में तहसीलदार संदीप सिंह ने राजस्व टीम के साथ रात करीब 1:30 बजे निरीक्षण किया,जहां बिना वैध अनुमति के जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई किए जाने की पुष्टि हुई।मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी मशीन को मौके पर खड़ा पाया और पूरे प्रकरण का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।तहसीलदार द्वारा मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उपलब्ध दस्तावेज के मुताबिक जांच के दौरान यह पाया गया कि जेसीबी मशीन से भूमि की खुदाई की जा रही थी,जबकि संबंधित कार्य के लिए कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई।
प्रशासन की ओर से तैयार की गई आख्या में उल्लेख किया गया है कि मौके पर मिली जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
तहसीलदार संदीप सिंह ने कहा कि अवैध खनन,अवैध मिट्टी खुदाई तथा सरकारी नियमों के विपरीत होने वाले कार्यों के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से अवैध खुदाई पर रोक लगेगी और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर अंकुश लगेगा।फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।