ब्यूरो तुर्रम सिंह
जलेसर/एटा।डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के के मद्देनजर जलेसर क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी बैठक का आयोजन किया गया।यह बैठक जलेसर थाना परिसर में सम्पन्न हुई।बैठक में ग्राम जैनपुर और मोहनपुर सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों,गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी भावना विमल ने की। इस दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अंबेडकर जयंती को परंपरागत तरीके से,शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह,भ्रामक सूचना या सामाजिक तनाव फैलाने वाली गतिविधियों को पूरी तरह रोका जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया सहित किसी भी माध्यम से फैलने वाली गलत सूचनाओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्र के बुजुर्गों,युवाओं और समाजसेवियों ने एक स्वर में आश्वासन दिया कि जयंती समारोह के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में वे प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार की पूर्व-नियोजित बैठकों से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनता है और किसी भी अप्रिय घटना की संभावना न्यूनतम हो जाती है।एसडीएम भावना विमल ने संक्षिप्त संबोधन में सभी से शांति और सौहार्द के साथ जयंती मनाने की अपील की।
बैठक में क्षेत्राधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह,थाना प्रभारी संजय पाल राघव सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अंत में सभी ने संयुक्त रूप से यह संकल्प लिया कि जयंती के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि जलेसर थाना क्षेत्र में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की पीस कमेटी बैठकों का आयोजन लगातार किया जा रहा है, जो सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।