नवरात्र में भक्ति और शक्ति की आराधना,महिलाओं में दिखा उत्साह
मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ नारी सम्मान और आत्मविश्वास का संदेश
ब्यूरो तुर्रम सिंह
सकीट/एटा। शारदीय नवरात्र के पर्व पर कस्बा सकीट में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।मंदिरों में सुबह से ही मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। घरों से लेकर मंदिरों तक मां के जयकारे गूंज रहे हैं। पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।
नवरात्र के दौरान महिलाएं व्रत रखकर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रही हैं।धार्मिक आयोजनों और मंदिरों में दर्शन के दौरान उनकी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। श्रद्धालुओं का मानना है कि मां दुर्गा की आराधना से मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मकता एवं आत्मविश्वास का संचार होता है।
नवरात्र का पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ नारी शक्ति, साहस और सम्मान का संदेश भी देता है। मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूप महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, कठिन परिस्थितियों का सामना करने और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।
माधुरी ने कहा कि नवरात्र हमारी आस्था और संस्कारों से जुड़ा पर्व है। मां दुर्गा की पूजा से मन को शांति मिलती है और जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास मिलता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है।
सपना ने कहा कि मां दुर्गा नारी शक्ति और साहस की प्रतीक हैं। नवरात्र हमें हर चुनौती का आत्मविश्वास के साथ सामना करने की प्रेरणा देता है। समाज में महिलाओं का सम्मान होना चाहिए और बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।