डीएम ने कस्तूरबा गांधी विद्यालयों और पीएसी परिसर में निर्माणाधीन भवनों का किया औचक निरीक्षण
कुनावली विद्यालय के मुख्य द्वार पर गंदगी व जलभराव देख जताई नाराजगी,निर्माण कार्यों की कमियां दूर कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा।जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने मंगलवार को जिले के कुनावली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय,जीरसमी में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और छात्रावास की बाउंड्रीवॉल और पीएसी परिसर में निर्माणाधीन भवनों का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान डीएम ने विद्यालय की व्यवस्थाओं,निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और भवनों में उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में मिली कमियों को दूर कर शेष कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
डीएम एम. अरुन्मोली ने सबसे पहले विकासखंड शीतलपुर के ग्राम कुनावली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया।विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने कूड़ा-करकट और जलभराव की स्थिति मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।डीएम ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही छात्राओं को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की जांच की। छात्राओं से संवाद कर उनके पठन-पाठन,उपलब्ध सुविधाओं और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी भी ली।
इसके बाद डीएम एम.अरुन्मोली ने ग्राम जीरसमी स्थित निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और छात्रावास की बाउंड्रीवॉल का निरीक्षण किया। डीएम ने शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और प्लास्टर सहित अन्य कार्यों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। बाउंड्रीवॉल के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई कराने, निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी सत्यापन कराने और संबंधित विभाग से क्रॉस चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने स्वयं फीता डालकर बाउंड्रीवॉल की लंबाई भी मापी और निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पीएसी परिसर में जी प्लस 11 भवनों के हस्तांतरण से पूर्व किए गए निरीक्षण के दौरान डीएम एम अरुन्मोली ने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को शेष कार्य जल्द पूरा कराने और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। डीएम ने भवनों में विद्युत व्यवस्था,पेयजल,अग्निशमन सुरक्षा, लिफ्ट सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच कराने और खिड़कियों में जाली लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि भवनों को संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया जा सके।
डीएम एम. अरुन्मोली ने स्पष्ट किया कि किसी भी भवन, विद्यालय अथवा छात्रावास को हस्तांतरित करने से पहले उसकी गुणवत्ता, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का समुचित सत्यापन किया जाए। निर्माण कार्यों में मिली सभी कमियों को दूर कर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा कराया जाए। डीएम ने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सेनानायक पीएसी कुलदीप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा तथा कार्यदायी संस्थाओं यूपीपीसीएल, राजकीय निर्माण निगम के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।