आगरा खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन के लिए प्रशासन अलर्ट, 16 केंद्रों पर होगा मतदान 
आगरा खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन के लिए प्रशासन अलर्ट, 16 केंद्रों पर होगा मतदान 

22 Oct 2026 |   25



आगरा खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन के लिए प्रशासन अलर्ट, 16 केंद्रों पर होगा मतदान 

31 बूथों पर मतदान की तैयारी पूरी,16 सेक्टर मजिस्ट्रेट और छह जोनल मजिस्ट्रेट तैनात

डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों को दिए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश

ब्यूरो तुर्रम सिंह 

एटा।विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र,निष्पक्ष,शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट,जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।इसमें मतदान व्यवस्था,सुरक्षा प्रबंध और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए जनपद में कुल 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन के 22 तथा शिक्षक निर्वाचन के नौ बूथ शामिल हैं। निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी और मतदान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट, छह जोनल मजिस्ट्रेट तथा 31 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं।

डीएम एम. अरुन्मोली ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ निर्वाचन प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

प्रशासन के अनुसार सभी पोलिंग पार्टियां गुरुवार को जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार से अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी भी पोलिंग पार्टियों के साथ निर्धारित बसों से मतदान केंद्रों तक जाएंगे। इसका उद्देश्य मतदान दलों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित रवानगी सुनिश्चित करने के साथ केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी बनाए रखना है।

डीएम एम. अरुन्मोली ने मतदान की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। मतदाताओं को निर्धारित और अनुमोदित पहचान पत्र के साथ ही मतदान केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। मतदान कक्ष के भीतर पेन,पेंसिल,कलम,पानी और मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने पुलिस अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।एस‌एसपी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

डीएम एम. अरुन्मोली ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मतदान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह, एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय, एसपी अपराध सच्चिदानंद सहित संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

More news