उद्यमी लॉन्चपैड कार्यशाला में युवाओं को स्वरोजगार की योजनाओं की दी जानकारी
उद्यमी लॉन्चपैड कार्यशाला में युवाओं को स्वरोजगार की योजनाओं की दी जानकारी

14 Oct 2026 |   25



उद्यमी लॉन्चपैड कार्यशाला में युवाओं को स्वरोजगार की योजनाओं की दी जानकारी

200 से 250 प्रतिभागियों ने लिया भाग,सरकारी योजनाओं से उद्यम स्थापित करने के लिए किया प्रेरित

ब्यूरो तुर्रम सिंह 

एटा। राजकीय आईटीआई एटा में मंगलवार को उद्यमी लॉन्चपैड के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें करीब 200 से 250 युवाओं,विद्यार्थियों,उद्यमियों और संभावित लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया।कार्यशाला में युवाओं को स्वरोजगार,उद्यम स्थापना,बैंक ऋण और सरकारी योजनाओं के माध्यम से व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनाना है।युवा अपनी योग्यता,कौशल और स्थानीय संसाधनों के आधार पर स्वयं का उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यावसायिक विचारों को धरातल पर उतारने की अपील की।

कार्यशाला में समाधान समिति के विशेषज्ञ हार्दिक रावत और देवेंद्र मोहन शर्मा ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, आरएएमपी और प्लेज योजना सहित एमएसएमई क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं और नीतियों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने योजनाओं की पात्रता,आवेदन प्रक्रिया,बैंक ऋण,अनुदान, मार्जिन मनी,टूलकिट वितरण और तकनीकी उन्नयन के बारे में भी बताया।

राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद आसिफ ने औद्योगिक प्रशिक्षण एवं कौशल विकास से संबंधित जानकारी दी। भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक अनिल मेहरा ने ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया और बैंकिंग सुविधाओं के बारे में बताया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक इन्द्रपाल सिंह ने किया।कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी,बैंकर्स, उद्यमी,विद्यार्थी और संभावित लाभार्थी उपस्थित रहे।

More news