PET-2026 की तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश
एटा में 10 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा,तीन दिनों में शामिल होंगे 21,312 अभ्यर्थी
सुरक्षा, सघन चेकिंग और आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर
ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा।उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में डीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेट,स्टेटिक मजिस्ट्रेट,केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की तैयारियां समय से पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
डीएम एम. अरुन्मोली ने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आयोग के पर्यवेक्षकों द्वारा बताई गई आवश्यकताओं के अनुसार व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूर्ण कराएं।परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं,जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
डीएम एम. अरुन्मोली ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थियों की सघन जांच कराने के निर्देश दिए।डीएम ने स्पष्ट किया कि कोई भी अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अथवा प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न कर सके। परीक्षा केंद्रों पर अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराते हुए परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनाए रखी जाए।
बैठक में बताया गया कि जनपद एटा में PET-2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसके लिए जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा दिवस पर प्रथम पाली में 3,552 तथा द्वितीय पाली में 3,552 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस प्रकार प्रतिदिन 7,104 और तीनों दिवसों में कुल 21,312 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए रिजर्व सहित 11-11 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्रों की निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की व्यवस्था की गई है। बैठक में आयोग के पर्यवेक्षक ऋषभ भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संचालन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देशों का प्रशिक्षण भी दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय नारायण सिंह, एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह, सीओ कृतिका सिंह, अरुण कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, उप निदेशक कृषि सहित सभी संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक