ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा।वडनगर से वाराणसी यात्रा जल,जन और सेवा संकल्प के तहत बुधवार को एटा के बृहद गौ संरक्षण केंद्र भदुआ में गो-पूजन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री कैलाश सिंह राजपूत और मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी सहित जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों और लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गो-पूजन से हुआ। अतिथियों ने विधिवत पूजन-अर्चन कर गो-संरक्षण,जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। इसके बाद गौ संरक्षण केंद्र में संरक्षित गोवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। अतिथियों ने गोवंश के स्वास्थ्य, चारा-पानी, साफ-सफाई एवं संरक्षण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
इसके उपरांत कार्यक्रम स्थल पर वृक्षारोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसामान्य को जागरूक किया। लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी आह्वान किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने जल,जन और सेवा संकल्प की भावना के अनुरूप जल संरक्षण,पर्यावरण संवर्धन,गो-संरक्षण और जनसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल, प्रकृति और जीव-जंतुओं का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है तथा जनभागीदारी के माध्यम से ही संरक्षण संबंधी प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से गो-संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और समाज में सेवा भावना एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी,जनप्रतिनिधि,सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।