मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 21-22 और 28-29 नवंबर को लगेंगे विशेष शिविर
1 जनवरी को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं को मिलेगा वोटर बनने का मौका,पात्र महिलाओं के पंजीकरण पर जोर
ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा।विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सभी मतदान केंद्रों पर शिविर आयोजित कर नए मतदाताओं का पंजीकरण किया जाएगा। विशेष रूप से उन युवक-युवतियों के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे, जो एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं।
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीएम ने चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ कराने के निर्देश दिए।
डीजल एम. अरुन्मोली ने कहा कि पात्र महिलाओं, विशेषकर अभी तक मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हुई महिलाओं के नाम सूची में जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, एनआरएलएम समूहों की महिलाओं और पंचायत सहायकों के माध्यम से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं को चिह्नित किया जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए और प्रत्येक आवेदन का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराया जाए।
डीएम एम. अरुन्मोली ने स्वीप गतिविधियों और पूर्व में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह फॉर्म-6, 7 एवं 8 के प्राप्त आवेदनों और उनकी प्रगति की समीक्षा कर अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा, जिससे अभियान की नियमित निगरानी की जा सके।
बैठक में 103 अलीगंज विधानसभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. शशि शेखर, 104 एटा सदर की श्वेता सिंह, 105 मारहरा के विपिन कुमार मोरल, 106 जलेसर के पीयूष रावत, एएसडीएम रविन्द्र कुमार सहित संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।