जनगणना-2027 के लिए 788 प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू
डीएम एम. अरुन्मोली ने किया शुभारंभ,पारदर्शिता और सटीकता के साथ कार्य करने के दिए निर्देश
ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन के लिए बुधवार को जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में फील्ड ट्रेनरों द्वारा आयोजित प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया।इस दौरान डीएम ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र में तीन प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में छह बैचों में 294, अविनाशी सहाय इंटर कॉलेज में छह बैचों में 294 तथा ज्ञान भारती विद्यालय में चार बैचों में 200 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस प्रकार कुल 16 बैचों में 788 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी सीपी पाठक ने ज्ञान भारती विद्यालय में नगर पालिका की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
डीएम एम. अरुन्मोली ने निर्देश दिए कि सभी कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता एवं पूर्ण एकाग्रता के साथ प्राप्त करें। प्रशिक्षण के दौरान किसी भी विषय में भ्रम या असमंजस होने पर संबंधित प्रशिक्षक से जानकारी लेकर अपनी शंकाओं का समाधान अवश्य करें, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
डीएम एम. अरुन्मोली ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके अंतर्गत घर-घर जाकर सूचनाओं का संकलन पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। सभी कार्मिक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें, जिससे जनगणना का कार्य व्यवस्थित एवं सटीक ढंग से पूरा हो सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह,तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय,नायब तहसीलदार सतीश कुमार, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सहित संबंधित अधिकारी और फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।