डीएम-एसएसपी ने जलेसर के छह बूथों का किया निरीक्षण, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के दिए निर्देश
18-19 वर्ष के युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर, 28 व 29 नवंबर को फिर लगेंगे विशेष अभियान शिविर
ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा।विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी एम अरुन्मोली और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन ने जलेसर विधानसभा क्षेत्र के छह बूथों का निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने बीएलओ से मतदाता पंजीकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
अधिकारियों ने एमजीएम इंटर कॉलेज जलेसर स्थित बूथ संख्या 217, 218, 219, 220, 221 और 222 का निरीक्षण किया। सभी बूथों पर बीएलओ उपस्थित मिले। डीएम एम अरुन्मोली ने भरे गए प्रपत्रों और वार्डवार प्रगति की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग के युवक-युवतियों तथा महिलाओं का मतदाता पंजीकरण बढ़ाने पर जोर दिया। डीएम ने निर्देश दिए कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं, विशेषकर बालिकाओं, के नाम प्राथमिकता से मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।
डीएम एम अरुन्मोली ने कहा कि नगरीय निर्वाचक नामावली से मिलान कर ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाए, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। साथ ही अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता सूची शुद्ध और अद्यतन रहे।
डीएम एम अरुन्मोली ने बताया कि आगामी 28 एवं 29 नवंबर को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दिनों बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से मतदाता पंजीकरण के लिए निर्धारित प्रपत्र प्राप्त करेंगे।
निरीक्षण के दौरान डीएम एम अरुन्मोली और एसएसपी इलामारन ने बूथों पर पेयजल,साफ-सफाई,प्रकाश व्यवस्था, आवागमन के रास्ते और रैंप सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार हेरेंश कर्दम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।