दिल्ली में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए नो पीयूसी,नो फ्यूल पर रेखा सरकार हुई सख्त,अधिकारियों को दिए निर्देश
दिल्ली में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए नो पीयूसी,नो फ्यूल पर रेखा सरकार हुई सख्त,अधिकारियों को दिए निर्देश

22 Apr 2026 |   13



 

नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण से निपटने लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सख्त रुख अपनाती हुई नजर आ रही हैं। बुधवार को सीएम रेखा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे राजधानी में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए पीयूसी नहीं तो ईंधन नहीं नियम को सख्ती से लागू करें। बता दें कि इस निर्देश के तहत अब पेट्रोल पंपों पर बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र वाले वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा।

कब शुरू हुआ था नो पीयूसी नो फ्यूल रूल

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हालांकि यह पहल पिछले दिसंबर में शुरू की गई थी,फिर भी कई वाहन वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के बिना चल रहे हैं। वायु प्रदूषण से निपटने के लिए ठोस और प्रभावी उपायों की आवश्यकता है। यह निर्णय उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

क्या हैं नए निर्देश

सीएम रेखा गुप्ता कहा कि सरकार स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने और सतत एवं व्यापक उपायों के माध्यम से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है।नए निर्देश के अनुसार ईंधन केवल वैध पीयूसी प्रमाणपत्र वाले वाहनों में ही डाला जाएगा और सभी पेट्रोल पंपों और गैस स्टेशनों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आदेश दिया गया है।

बिना पीयूसी चल रही गाड़ियां

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि बड़ी संख्या में वाहन वैध प्रमाण पत्र के बिना चल रहे हैं,जिससे शहर में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है।अधिकारियों के मुताबिक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग,परिवहन विभाग,दिल्ली नगर निगम और दिल्ली यातायात पुलिस को इस निर्देश को लागू करने का जिम्मा सौंपा गया है।

सीएम ने अधिकारियों को दी चेतावनी

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि किसी भी चूक या लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सभी संबंधित एजेंसियों में जवाबदेही स्पष्ट रूप से तय की गई है। इस ढांचे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भी प्रावधान है, जिसमें वाहन जब्त करना और अधिकतम दंड लगाना शामिल है।

More news