सीएम रेखा ने अपने विधानसभा में वॉटर एटीएम का किया उद्घाटन,दिल्ली के विकास के लिए 9,000 करोड़ का रोडमैप तैयार
सीएम रेखा ने अपने विधानसभा में वॉटर एटीएम का किया उद्घाटन,दिल्ली के विकास के लिए 9,000 करोड़ का रोडमैप तैयार

22 Apr 2026 |   12



सीएम रेखा ने अपने विधानसभा में वॉटर एटीएम का किया उद्घाटन,दिल्ली के विकास के लिए 9,000 करोड़ का रोडमैप तैयार

पीने का पानी उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता,सीएम रेखा ने कहा-विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में बढ़ाए कदम

नई दिल्ली।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को अपनी विधानसभा शालीमार बाग क्षेत्र के हैदरपुर में आधुनिक वॉटर एटीएम का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया।इस अवसर पर सीएम रेखा ने स्थानीय नागरिकों को वॉटर एटीएम कार्ड भी वितरित किए,इससे अब क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सीएम रेखा ने इस पहल को विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

सीएम रेखा ने बताया कि ये वॉटर एटीएम आधुनिक 5-स्टेज रिवर्स ऑस्मोसिस तकनीक से लैस हैं,इनकी क्षमता इतनी अधिक है कि ये हर घंटे 2000 लीटर शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराएंगे।इस सुविधा से स्थानीय निवासियों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को स्वच्छ पानी आसानी से मिल सकेगा,जिससे जलजनित बीमारियों के खतरे में भी कमी आएगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज शालीमार बाग के नागरिकों के लिए एक बड़ा दिन है।हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि तकनीक का लाभ सीधे जनता को मिले। सीएम रेखा ने कहा कि ये वॉटर एटीएम न केवल 2000 लीटर प्रति घंटा पानी देंगे, बल्कि 5-स्टेज RO फिल्टरेशन के कारण यह पूरी तरह सुरक्षित भी होगा।दिल्ली के हर नागरिक को सम्मान के साथ जीने का हक है और साफ पानी उस सम्मान की पहली सीढ़ी है।

सीएम रेखा गुप्ता ने जल आपूर्ति को सुदृढ़ करने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक बड़ी घोषणा की। सीएम रेखा ने कहा कि दिल्ली के हर घर तक साफ पानी पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है,इसके लिए सरकार ने 9,000 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है।यह भारी-भरकम निवेश न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखेगा।कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा ने लोगों को वॉटर एटीएम कार्ड सौंपे।इन कार्ड्स के जरिए लोग एटीएम से बेहद आसान प्रक्रिया द्वारा पानी प्राप्त कर सकेंगे।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि तकनीक का उपयोग कर भ्रष्टाचार को समाप्त करना और पारदर्शिता लाना ही उनकी सरकार का मुख्य उद्देश्य है।कार्यक्रम के अंत में सीएम रेखा ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में पूरी दिल्ली में ऐसे वॉटर एटीएम का जाल बिछाया जाएगा, ताकि नल से जल के सपने को पूरी तरह साकार किया जा सके।

उद्घाटन समारोह में इंडियन ऑयल के वरिष्ठ अधिकारीगण भी शामिल हुए,जिन्होंने इस परियोजना में तकनीकी और अन्य सहयोग प्रदान किया है।इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

More news