आप नेता सौरभ भारद्वाज का बड़ा ऐलान, बोले- मेयर चुनाव से दूर रहेगी आप,भाजपा को दिया जाएगा पूरा मौका
आप विपक्ष में रहकर भाजपा की नाकामियों को उजागर करेगी:सौरभ भारद्वाज
नई दिल्ली।देश की राजधानी दिल्ली की सियासत में एक अहम रणनीतिक फैसला लिया गया है।आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को ऐलान किया कि इस बार भी दिल्ली नगर निगम के मेयर चुनाव में आप हिस्सा नहीं लेगी।सौरभ ने कहा कि पार्टी जानबूझकर भाजपा को एक और मौका दे रही है,जिससे वह बिना किसी बहाने के दिल्ली में काम करके दिखाए।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आप का मकसद साफ है कि भाजपा को पूरी जिम्मेदारी देकर यह दिखाना कि वह दिल्ली में बदलाव लाने में सक्षम है या नहीं।सौरभ ने कहा कि अगर भाजपा के पास सभी इंजन हैं, तो अब काम न करने का कोई बहाना नहीं होना चाहिए।
भाजपा पर निशाना साधते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले एक साल में केंद्र सरकार,एलजी,मुख्यमंत्री,मेयर और स्टैंडिंग कमेटी सभी पर भाजपा का नियंत्रण होने के बावजूद दिल्ली में अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ।सौरभ ने दावा किया कि चार इंजन होने के बावजूद भाजपा जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मौजूदा हालात में दिल्ली की जनता पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को याद कर रही है। सौरभ ने आरोप लगाया कि भाजपा के सभी इंजन नाकाम साबित हुए हैं और राजधानी को प्रभावी ढंग से चलाने की क्षमता केवल आप के पास है।
सौरभ भारद्वाज ने साफ किया कि आने वाले मानसून में दिल्ली की स्थिति भाजपा के कामकाज की असली परीक्षा होगी।सौरभ ने कहा कि पिछले साल कई इलाकों में जलभराव हुआ था,लेकिन भाजपा के पास कोई ठोस जवाब नहीं था। इस बार भी पार्टी चाहती है कि भाजपा पूरी जिम्मेदारी संभाले और जनता के सामने उसका प्रदर्शन साफ दिखाई दे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आप विपक्ष में रहकर भाजपा की नाकामियों को उजागर करेगी।सौरभ ने कहा कि जब सभी विभाग PWD, MCD, DDA और बाढ़ नियंत्रण भाजपा के पास हैं तो जवाबदेही भी उसी की बनती है।हालांकि मेयर चुनाव से दूरी बनाए रखने के बावजूद आप ने स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव में भाग लेने का फैसला किया है।पार्टी ने शालीमार बाग से पार्षद जलज चौधरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।