ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है।अखिलेश ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सरकार की नाक के नीचे जानलेवा सिरप की आपूर्ति अस्पतालों,जेलों और घरों तक में हो रही है,लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय चुप्पी साधे बैठा है।इस मौन के कारण किसको क्या लाभ मिल रहा है और किसकी इस घुट्टी के घोटाले में संलिप्तता है,इसकी तत्काल जांच होनी चाहिए। कहीं ऐसा तो नहीं कि कोई सत्ता से नजदीकी संबंधों का नाजायज फायदा उठाकर ऐसे नकली सिरप की आपूर्ति कर रहा है।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का भ्रष्टाचार अब लोगों के जीवन तक से खिलवाड़ कर रहा है,जिसका भी इस सिरप घोटाले से मुनाफाखोरी का रिश्ता है,वो उजागर हो और दंडात्मक निष्कासन भी हो।अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग में भ्रष्टाचार का जो पहाड़ खड़ा हो रहा है, उसका मूल कारण वसूली करने वाले नहीं हैं बल्कि वे मुख्य सत्ताधारी लोग हैं, जो वसूली करवा रहे हैं, क्योंकि उनकी आपस की लड़ाई बहुत बड़ी है और पद की प्रधान महत्वाकांक्षा भी।
अखिलेश यादव ने कहा कि वसूली,घूस,कमीशन और चंदे से जमा किए जा रहे अकूत धन से दरअसल महापद की तैयारी हो रही है।भाजपा और उनके संगी-साथियों की यही परंपरा रही है कि जिसके पास महाकोष की व्यवस्था होगी, उसकी ही प्रधान दावेदारी होगी। अखिलेश ने कहा कि महापद की इस प्रतिस्पर्धा में वसूली के कारण हर चीज का दाम बढ़ रहा है और आखिर में इस रस्साकशी में आम जनता को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।