प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में बेरहमी से मां-बेटे की हत्या कर दी गई।आशंका है कि इस वारदात को अंजाम देने में कोई अकेला व्यक्ति नहीं था।दो से तीन लोग जरूर रहे होंगे।तभी दो लोगों को एक साथ से मार दिया।दोनों शरीर से स्वस्थ भी थे।न तो कोई छोटा बच्चा था और न ही बुजुर्ग।
महिला का भारी वस्तु से कूंचा गया था सिर
भारी वस्तु से महिला का सिर इस कदर कूंचा गया कि पहचान करने में दिक्कत हो रही थी।बेटे के आधे सिर का गूदा बाहर हो गया था। मां और बेटे अपने-अपने बिस्तर पर मृत पड़े थे।खून बिस्तर से रिसकर चारपाई से नीचे जमीन पर गिरकर सूख गया था।वारदात में दो या दो से अधिक की संलिप्तता पुलिस के जांच के दायरे में है।
नहीं पहुंचा महिला का पति
अंतू थाना क्षेत्र के पारा हमीदपुर मौर्य बस्ती में रविवार रात घर में सो रहे मां-बेटे की नृशंस हत्या से गांव में शोक और गुस्सा है।हमलावरों ने मां और बेटे का सिर किसी भारी वस्तु से कूंचकर मौत के घाट उतार दिया था।दोहरे हत्याकांड से जिले में हड़कंप मचा है।शवों का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल द्वारा होगा। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।मंगलवार दोपहर पीएम शुरू हुआ। इसके बाद शव घर ले जाए जाने की तैयारी है।अब तक शिवपती का पति दिनेश मौर्या मुंबई से घर नहीं पहुंच सका है।बेटियों को गांव के लोग और रिश्तेदार सांत्वना दे रहे हैं।एहतियात के तौर पर शिवपती के घर और गांव में पुलिस तैनात है।खेतों,खलिहानों में पुलिस सुराग तलाश रही है।
पट्टीदार समेत पांच पर हत्या का केस दर्ज
आईजी अजय कुमार मिश्र ने एसपी दीपक भूकर से बात करके जांच का अपडेट लिया है।जमीन की रंजिश के साथ कई अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस की नजर है।इस दोहरे हत्याकांड में मृतका के पटीदार अधिवक्ता राजकुमार मौर्य समेत पांच पर हत्या का केस दर्ज हुआ है। एसपी दीपक भूकर का कहना है कि आरोपितों की धरपकड़ को चार टीमें लगी हैं। अन्य तथ्य भी जुटाए जा रहे हैं।
तुम लोग आराम करो...साबित हुए आखिरी शब्द
मृतका शिवपती की बेटियां मां बहुत लगाव रखती थीं।दिन भर के काम की थकान के बाद भी रात में उनसे फाेन पर रात में बात जरूर करतीं थीं।मां की अचानक हत्या से वह बिलख रही हैं,उनके आंसू नहीं थम रहे हैं।उन्होंने खुद को संभालते हुए बताया कि रविवार रात 11 बजे मम्मी से बात हुई थी।उन्होंने बताया था कि कामकाज करके बहुत थकान लग गई है। खाना खाकर अब हम और औरभ सोने जा रहे हैं, तुम लोग भी आराम करो,सुबह तुमको काम पर जाना है। यही उनके आखिरी शब्द रहे। सोमवार को सुबह 11 बजे हम लोगों को जानकारी हुई कि घर में घटना हो गई है।
पूरा गांव स्तब्ध
जमीन के बंटवारे का विवाद और आपसी तनाव इतना आगे बढ़ जाएगा किसी को अंदाजा नहीं था,जिसने भी महिला और उसके बेटे की हत्या की बात सुनी वह दंग रह गया।उसको एक बार तो यकीन ही नहीं हो पाया कि ऐसा हुआ है।धीरे-धीरे घटनास्थल पर भीड़ बढ़ने लगी।सामने से गुजरी रोड से लेकर मृतिका के घर तक तांता लग गया।गांव की महिलाएं शिवपती को व्यवहारकुशल और नेक महिला बताकर रो रहीं थीं।
खेत-खलिहान तक पहुंची पुलिस
दोहरे हत्याकांड की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस लगी है। एसपी दीपक भूकर द्वारा गठित टीम समेत स्वाट टीम ने खेत-खलिहान से लेकर बागों तक की खाक छानी।अंतू,नगर कोतवाली समेत टीमें आइपीएस प्रशांत राज हुड्डा के नेतृत्व में ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। आरोपित के घर में केवल महिलाएं हैं।पुलिस ने घटनास्थल,उसके पीछे,बगल के खेतों,झाड़ियाें और सरपत के झुरमुटों में भी क्लू की तलाश की।
बिस्तर पर पड़ा था महिला का मोबाइल
शिवपती का मोबाइल हमलावर नहीं ले गए थे। मोबाइल बिस्तर पर ही एक किनारे पड़ा था।जब शिवपती की बेटियां घर आईं तो उसका लाक खोला गया और पुलिस ने जांच के लिए उसे अपने पास रख लिया।जांच में सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर पर नजर है।परा मोड़,रेलवे क्रासिंग और दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। घटनास्थल के आसपास के टावर के संदिग्ध मोबाइल नंबरों को भी ट्रेस किया जा रहा है।