कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा,जुटेंगे 2 लाख श्रद्धालु
कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा,जुटेंगे 2 लाख श्रद्धालु

16 Sep 2026 |   25



 

प्रतापगढ़।उत्तर प्रदेश में कुंडा हमेशा सुर्खियों में रहता है।कुंडा एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजन को लेकर सुर्खियों में है। पूर्व कैबिनेट मंत्री जनसत्ता दल‌ लोकतांत्रिक पार्टी के मुखिया कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया अपने गढ़ कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री रामकथा आयोजित कराने जा रहे हैं।बहरहाल अभी श्री रामकथा के आयोजन की तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।

सूत्रों के मुताबिक श्री रामकथा के आयोजन को लेकर राजा भइया के करीबियों ने बागेश्वर धाम सरकार से संपर्क किया है। श्री रामकथा की तारीखों को लेकर बातचीत और मंथन चल रहा है।नवंबर में 17, 18 और 19 तारीख को कथा आयोजित हो सकती है।तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारी को लेकर कुंडा में हलचल शुरू हो गई है।

श्री रामकथा के आयोजन के लिए कुंडा के बेती राजमहल परिसर या किसी बड़े मैदान को संभावित जगह के तौर पर देखा जा रहा है।राजा भइया आयोजन स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।जनसत्ता दल की साइट पर निरीक्षण से जुड़ी तस्वीरें भी अपलोड हो चुकी हैं।श्री रामकथा को लेकर तैयारियां केवल चर्चा तक सीमित नहीं हैं,बल्कि आयोजन स्थल और दूसरी व्यवस्थाओं को लेकर भी काम आगे बढ़ रहा है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर कुंडा और आसपास के इलाकों में लोगों में जबरदस्त दिलचस्पी दिख रही है।श्री रामकथा में लगभग दो लाख लोगों के आने की संभावना है।प्रतापगढ़ के अलावा प्रयागराज और कौशांबी से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना से यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।राजा भइया के समर्थकों में भी श्री रामकथा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

बता दें कि राजा भइया पहले भी बड़े धार्मिक आयोजन कराते रहे हैं।राजा भ‌इया पिता राजा उदय प्रताप सिंह भी बहुत बड़े धार्मिक व्यक्ति हैं।धीरेंद्र शास्त्री की श्री रामकथा को लेकर कुंडा में होने वाला यह आयोजन धार्मिक नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।यही कारण है कि श्री रामकथा को लेकर अभी से लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।धार्मिक आयोजन के साथ इसे राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।

बता दें कि श्री रामकथा के जरिए राजा भ‌इया अपनी हिंदुत्ववादी छवि और जनाधार को मजबूत करने की कोशिश करेंगे।धीरेंद्र शास्त्री की कथा में बड़ी भीड़ जुटने से कुंडा में श्री रामकथा को क्षेत्र का बड़ा धार्मिक कार्यक्रम माना जा रहा है। अगर दो लाख लोग जुटते हैं तो इसका असर कुंडा के साथ आसपास के जिलों तक दिखाई देगा।

More news