कांति सिंह के 18 साल पुराने सहयोगी सर्वजीत पटेल ने छोड़ा साथ,भाजपा प्रत्याशी अवनीश सिंह को समर्थन
सपा प्रत्याशी के खिलाफ जमानत जब्त होने का दावा, भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष और सदर विधायक की मौजूदगी में किया समर्थन का ऐलान
ब्यूरो देवी शरण मिश्रा
प्रतापगढ़।स्नातक एवं एमएलसी चुनाव को लेकर जिले में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।इसी बीच कांति सिंह के साथ करीब 18 वर्षों तक जुड़े रहे पुराने सहयोगी सर्वजीत सिंह पटेल ने उनसे अलग होकर भाजपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे इंजीनियर अवनीश सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है।भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव और सदर विधायक राजेंद्र मौर्य की मौजूदगी में उन्होंने अपने समर्थकों के साथ भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में खड़े होने की घोषणा की।
सर्वजीत सिंह पटेल ने अपने निर्णय के पीछे लंबे समय से अपेक्षित सम्मान नहीं मिलने की बात कही। उनका आरोप है कि उन्होंने कांति सिंह और वर्तमान सपा सांसद एसपी सिंह पटेल को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात मेहनत की,लेकिन उन्हें एक कार्यकर्ता के रूप में भी अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित नेताओं का ध्यान अपने परिवार को आगे बढ़ाने पर अधिक केंद्रित रहा।
सर्वजीत पटेल ने आगामी विधान परिषद चुनाव में सपा प्रत्याशी की जमानत जब्त होने का दावा करते हुए कहा कि वह अपने समर्थकों और मतदाताओं के साथ इंजीनियर अवनीश सिंह के समर्थन में काम करेंगे।उनके इस फैसले को जिले की चुनावी राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
समर्थन की घोषणा के बाद भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश सिंह ने कचहरी परिसर में जनसंपर्क किया।इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं और अन्य लोगों से मुलाकात कर समर्थन मांगा।
इस दौरान एडवोकेट शिवेश शुक्ला,महेश गुप्ता,राघवेंद्र शुक्ला,विनय सिंह,संदीप सिंह,राघवेंद्र सिंह,रोहित सिंह,चंदन शुक्ला,अनुराग मिश्र,अजय सिंह,अमर सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।