सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ,एडीएम ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
हेलमेट,सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन का दिया जाएगा संदेश,गांवों से शहर तक चलेगा जागरूकता अभियान
ब्यूरो देवी शरण मिश्रा
प्रतापगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार को एआरटीओ कार्यालय में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रेमचंद मौर्य ने सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।प्रचार वाहन जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेगा।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने,चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की जाएगी।इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने,नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने,गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने और यातायात संकेतों का पालन करने का संदेश दिया जाएगा।
एआरटीओ एके शुक्ला ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी है।थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन कर कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।प्रचार वाहन के माध्यम से गांवों और शहरों में लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।