ब्यूरो देवी शरण मिश्रा
कुंडा/प्रतापगढ़।प्रतिभा और मेहनत के दम पर कुंडा के युवा रितीश केसरवानी ने फिल्मी दुनिया में कदम रखकर कुंडा का नाम रोशन किया है।रितीश ने फिल्म हनुमान अंश में एसोसिएट एडिटर के रूप में अहम जिम्मेदारी निभाई है। रितीश की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं क्षेत्र के लोग भी उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।
वरिष्ठ व्यापारी एवं शस्त्रालय संचालक सुभाष केसरवानी के छोटे बेटे रितीश केसरवानी की इस उपलब्धि को परिवार के लिए गौरवपूर्ण पल माना जा रहा है।फिल्म की टीम कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह राजा भइया से मुलाकात कर चुकी है। इस दौरान फिल्म के प्रयासों की सराहना की गई।
राजा भइया से मुलाकात के समय रितीश के पिता सुभाष केसरवानी और मां गीता केसरवानी भी मौजूद रहीं।नीम करौली बाबा के जीवन,भक्ति,सेवा और आध्यात्मिक संदेश पर आधारित फिल्म हनुमान अंश के लेखक एवं निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी हैं।फिल्म को उत्तराखंड में कर मुक्त किए जाने की घोषणा के बाद इसे विशेष चर्चा मिली।
रितीश केसरवानी की प्रारंभिक शिक्षा ऊंचाहार में हुई। इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद रितीश आगे की शिक्षा के लिए पुणे गए। इसी दौरान फिल्म निर्माण और संपादन के क्षेत्र में उनकी रुचि बढ़ी।अपनी पहली फिल्म में एसोसिएट एडिटर की जिम्मेदारी निभाना उनके लिए करियर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।रितीश के बड़े भाई रिशी केसरवानी पुणे में व्यवसाय करते हैं, जबकि बहन राशि केसरवानी मुंबई में भारतीय स्टेट बैंक में ब्रांच मैनेजर हैं। मां गीता केसरवानी गृहिणी हैं और पिता सुभाष केसरवानी कुंडा के वरिष्ठ व्यापारी हैं।
रितीश केसरवानी की उपलब्धि से परिवार के साथ ही कुंडा क्षेत्र में भी उत्साह है।क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि वह अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत के दम पर फिल्म जगत में आगे भी नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।