मकान गिरने के बाद पहुंची डीएम की टीम,लापरवाही पर लेखपाल के निलंबन के निर्देश
मकान गिरने के बाद पहुंची डीएम की टीम,लापरवाही पर लेखपाल के निलंबन के निर्देश

30 Sep 2026 |   47



मकान गिरने के बाद पहुंची डीएम की टीम,लापरवाही पर लेखपाल के निलंबन के निर्देश

कोहड़ौर में अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण,पीड़ित परिवार को 1.20 लाख राहत देने के निर्देश

ब्यूरो देवी शरण मिश्रा 

प्रतापगढ़।कोहड़ौर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 रामापुर में भारी बारिश और अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों का बुधवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान राहत कार्यों में लापरवाही सामने आने पर डीएम ने संबंधित लेखपाल को निलंबित करने के निर्देश दिए।

डीएम अभिषेक पांडेय ने रामापुर निवासी रिंकी गौड़ पत्नी हरिओम के पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया। डीएम ने मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी पट्टी को आपदा राहत कोष से प्रभावित परिवार को 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम अभिषेक पांडेय ने पूरे वैजू का पुरवा निवासी विमला पाल पत्नी बृजपाल के क्षतिग्रस्त मकान और विद्या देवी के मकान और पशुशाला का भी जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को क्षति का नियमानुसार आकलन कर प्रभावित परिवारों को निर्धारित प्रावधानों के तहत राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।

More news