जिला कारागार में नवरात्रि की धूम,304 बंदियों ने रखा व्रत
चार मुस्लिम बंदी भी व्रत में शामिल,जेल परिसर में विधि-विधान से हुई मां दुर्गा की पूजा-अर्चना
ब्यूरो देवी शरण मिश्रा
प्रतापगढ़।नवरात्रि पर्व पर जिला कारागार में श्रद्धा और भक्तिभाव का माहौल देखने को मिला।जेल में बंद 30 महिला और 274 पुरुष बंदियों समेत कुल 304 बंदियों ने व्रत रखा। इनमें चार मुस्लिम बंदी भी शामिल हैं।बंदियों ने आदिशक्ति मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती की।जिला कारागार के चिकित्सालय परिसर में स्थापित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक आयोजन किया जा रहा है।
व्रत रखने वाले बंदियों को शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उबले आलू,फल,दूध और चीनी उपलब्ध कराई गई है। पूजा-अर्चना में बंदियों के साथ कारागार के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए।पर्व के दौरान जेल परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी,जेलर वीरेंद्र कुमार वर्मा,डिप्टी जेलर लालाराम वर्मा और डिप्टी जेलर कमलेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।