केला पकाने वाली 5 इकाइयों पर खाद्य सुरक्षा टीम ने की छापेमारी,अनियमितताओं पर नोटिस,नवरात्रि में लगातार जारी रहेगा अभियान
केला पकाने वाली 5 इकाइयों पर खाद्य सुरक्षा टीम ने की छापेमारी,अनियमितताओं पर नोटिस,नवरात्रि में लगातार जारी रहेगा अभियान

14 Oct 2026 |   28



ब्यूरो देवी शरण मिश्रा 

प्रतापगढ़।नवरात्रि पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में केला पकाने वाली पांच इकाइयों पर छापेमारी की और जांच की।कहीं स्टॉक रजिस्टर नहीं मिला तो कहीं साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाई गई।आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने और कमियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में सबसे पहले महुली बाजार,चिलबिला स्थित मोहम्मद यूनुस फ्रूट कंपनी का निरीक्षण किया गया।यहां केले पकाने के लिए पांच एसी चैंबर संचालित मिले,जिनमें कच्चे केले रखे गए थे। टीम ने खरीद-बिक्री के अभिलेख मांगे,लेकिन स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इस पर कंपनी को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज तत्काल प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

इसके बाद महुली बाजार स्थित डायमंड फ्रूट एजेंसी की जांच की गई।यहां साफ-सफाई की स्थिति ठीक न मिलने पर काम रुकवाकर पहले सफाई कराने के निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठान संचालक से कर्मचारियों के चिकित्सा प्रमाणपत्र और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी मांगी गई, लेकिन ये दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने सुधार नोटिस जारी कर लिखित अनुपालन आख्या मांगी।

खाद्य सुरक्षा टीम ने ओझला मोड़ महुली स्थित फेमस फ्रूट कंपनी का निरीक्षण कर साफ-सफाई दुरुस्त करने और जरूरी अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।चिलबिला तिराहा माधोगंज स्थित एएफसी फ्रूट कंपनी में भी पांच एसी चैंबर संचालित मिले, जिनमें कच्चे केले पकाने के लिए रखे गए थे। परिसर की साफ-सफाई असंतोषजनक मिली। कर्मचारियों के चिकित्सा प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई। इस पर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया।कुंडा में शौकत अली द्वारा संचालित केला पकाने की इकाई का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई, हालांकि कुछ कमियों को दूर करने के लिए नोटिस दिया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अभय कुमार सिंह ने बताया कि नवरात्रि के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। एक दिवसीय अभियान में जिले की पांच बड़ी केला पकाने वाली इकाइयों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

छापेमारी दल का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, संजय कुमार यादव, नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी और डॉ. शमशुन नेहा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

More news