नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के लिए मेट्रो स्टेशन की तरह सिर्फ वैध टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफार्म पर जाने की अनुमति मिलेगी। इसके लिए आधुनिक तकनीक वाले टर्नस्टाइल गेट (एक तरफ से बाहर निकलने की सुविधा) लगाए जा रहे हैं। साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए अन्य कदम उठाए जा रहे हैं।
होल्डिंग एरिया में बैठ सकेंगे सात हजार यात्री
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पिछले साल फरवरी में भगदड़ से 18 लोगों की मौत की घटना के बाद से भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्लेटफार्म पर भीड़ कम हो इसके लिए अजमेरी गेट की तरफ स्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया है।इसमें सात हजार से अधिक यात्री बैठ सकते हैं। यहां से सीधे प्लेटफार्म नंबर 16 और अन्य प्लेटफार्म पर जाने की सुविधा है। इसी कड़ी में अब प्लेटफार्म पर सिर्फ वैध यात्रियों के प्रवेश की अनुमति देने की व्यवस्था की जा रही है।
यात्रियों की आवाजाही होगी सुरक्षित
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय का कहना है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक्सेस कंट्रोल सिस्टम लागू करने और यात्रियों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।इसमें आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के लिए अलग-अलग समर्पित प्रवेश की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा निकास द्वारों पर टर्नस्टाइल गेट भी लगाए जा रहे हैं, जिसका परीक्षण नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट साइड के गेट नंबर 9 पर किया जा रहा है।
अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी होगा लागू
पायलट प्रोजेक्ट सफल रहने पर अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी इसे लागू किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रवेश द्वारों पर टिकट जांच और कतार प्रबंधन का कार्य वाणिज्यिक और रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए नए संकेतक भी लगाए जा रहे हैं।