नई दिल्ली।पूर्व मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए 26 और 27 अप्रैल को चुनाव प्रचार करेंगे।गुरुवार को आप सूत्रों ने ये जानकारी दी।
आप सूत्र ने बताया कि केजरीवाल बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमों ममता बनर्जी के निमंत्रण पर राज्य का दौरा करेंगे और उनके लिए जनता से समर्थन मांगेंगे।
बताया गया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दूसरे चरण के लिए टीएमसी के चुनाव प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं। केजरीवाल ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने ममता बनर्जी से फोन पर बात की है और उन्हें अपना पूर्ण समर्थन और एकजुटता व्यक्त की।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि ममता दीदी से फोन पर बात हुई। मैंने उनके प्रति पूरी एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया। वह सबसे कठिन लड़ाइयों में से एक लड़ रही हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे महत्वपूर्ण लड़ाइयों में से एक है।
बताते चलें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण में गुरुवार को 152 सीट पर मतदान संपन्न हो गया। 29 अप्रैल को दूसरे चरण में शेष सीट पर मतदान होगा। चुनाव के नतीजे चार मई को आएंगे।