चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में लगातार हो रही बारिश से मानिकपुर तहसील क्षेत्र में हालात बिगड़ गए हैं।शनिवार सुबह लगभग सात बजे डोडा बांध का एक हिस्सा टूटने से पानी आसपास के गांवों में तेजी से घुस गया।मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा से बहने वाली बरदहा नदी उफान पर है।
छेरिहा और कल्याणपुर गांव बुरी तरह प्रभावित
डोडा बांध के आसपास स्थित डोडा,छेरिहा,जारोमाफी और कल्याणपुर गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। छेरिहा गांव में पानी घुसने से लगभग आधा दर्जन मकान ढह गए।कल्याणपुर के ग्रामीणों ने बताया कि घरों में करीब दो से तीन फीट तक पानी भर गया है।घर में रखा राशन,अनाज,कपड़े और गृहस्थी का सामान भीगकर खराब हो गया।
बरदहा नदी उफान पर,कई गांवों में अलर्ट
ग्रामीणों के सामने भोजन की समस्या भी खड़ी हो गई है।मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश और बांध का कुछ हिस्सा टूटने से पानी गांव से होता हुआ नदी में पहुंच गया,जिसके कारण बरदहा नदी भी उफान पर है।गिदुरहा, रानीपुर और चमरौहां गांवों में नदी का पानी प्रवेश करने लगा है।ग्रामीणों को आशंका है कि यदि अगले दो-तीन घंटे तक नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो गांवों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो सकती है।
पुलिस मुस्तैद, सिंचाई विभाग रख रहा नजर
हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।सड़कों और रापटों के ऊपर पानी बहने से पुलिस और एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित हुई हैं।तेज बहाव से फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका है।मारकुंडी थाना और हल्दी डांडी चौकी की पुलिस मौके पर तैनात है और ग्रामीणों को तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने और गहरे पानी में जाने से रोक रही है। अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग शशिकांत प्रसाद ने बताया कि लगातार बारिश के चलते डोडा बांध में क्षमता से अधिक पानी भर गया था,जिसके चलते ओवरफ्लो होकर बांध का कुछ हिस्सा टूट गया।