बांदा।उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस और यूपी एसटीएफ ने नशीली दवाओं के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।टीम ने एक डीसीएम ट्रक से बड़ी संख्या में कोडीन कफ सिरप बरामद किया है।चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप दिल्ली से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी।
यूपी एसटीएफ को कोडीन सिरप के अवैध परिवहन की गोपनीय सूचना मिली थी,इसके बाद डिप्टी एसपी बबेरू और बिसंडा थाना पुलिस को सक्रिय किया गया।टीम ने संदिग्ध डीसीएम को ट्रेस करना शुरू किया। डीसीएम के आगे एक कार भी चल रही थी,जो उसे स्कॉर्ट कर रही थी। पुलिस ने डीसीएम को रोकने का प्रयास किया,लेकिन ड्राइवर ने डीसीएम को नहीं रोका।इसके बाद पुलिस ने आगे घेराबंदी कर डीसीएम को रोक लिया।तलाशी लेने पर उसमें कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप मिली।इसी दौरान स्कॉर्ट कर रही कार को भी कब्जे में लिया गया।
डिप्टी एसपी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि 3 सितंबर को यूपी एसटीएफ और बिसंडा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर डीसीएम को रोका था।तलाशी के दौरान 100 ML की कुल 30 हजार बोतलें बरामद हुईं,इन सभी बोतलों की कुल मात्रा करीब 3 हजार लीटर बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक सिरप 250 पेटियों में भरा हुआ था। बरामद माल की कीमत करीब 60 लाख 45 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक डीसीएम ट्रक और उसे स्कॉर्ट कर रही कार भी बरामद की गई है। कार में तीन लोग सवार थे,जबकि डीसीएम के चालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।इस तरह मौके से कुल चार लोगों को पकड़ा गया है। सभी से पूछताछ हो रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोडीन सिरप कहां से लाई गई थी और इसे मध्य प्रदेश में किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि एसटीएफ की सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस को कार्रवाई के लिए लगाया गया था।पुलिस ने ट्रक को रोककर जांच की तो उसमें भारी मात्रा में कोडीन सिरप मिला।चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कोडीन सिरप को दिल्ली से मध्य प्रदेश लेकर जा रहे थे।हालांकि इस पूरे नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं,खेप कहां से हासिल की गई और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी,इन सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है।एसपी पलाश बंसल ने पकड़े गए आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि खंगालने के निर्देश भी दिए हैं।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।जांच टीम अवैध परिवहन से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान धीरेंद्र निवासी थाना बिसंडा, जनपद बांदा, प्रवीण उर्फ लकी निवासी थाना अतर्रा, बांदा, रोहित निवासी थाना अतर्रा, बांदा और शेखर निवासी थाना बहादुरगढ़, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।