मुंबई क्राइम ब्रांच ने प्रयागराज में मादक पदार्थ की फैक्ट्री का किया भंडाफोड़,53 किलो एमडी ड्रग किया बरामद
मुंबई क्राइम ब्रांच ने प्रयागराज में मादक पदार्थ की फैक्ट्री का किया भंडाफोड़,53 किलो एमडी ड्रग किया बरामद

04 Sep 2026 |   26



 

प्रयागराज।मादक पदार्थ एमडी (मेथामफेटामाइन) बनाने वाली फैक्ट्री का मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को भंडाफोड़ किया।मीरा भयंदर-वसई विरार आयुक्तालय की अपराध प्रकटीकरण शाखा,कक्ष-फोर की टीम ने मांडा थाना क्षेत्र के कोसड़ा कला गांव में छापेमारी कर 52 किलो 932 ग्राम एमडी बरामद की। साथ ही बड़ी मात्रा में रसायन और लैब उपकरण भी मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई नालासोपारा में एमडी के साथ पकड़े गए दो आरोपितों से शुरू हुई जांच के बाद इस नेटवर्क का राजफाश हुआ है।अब तक इस मामले में नालासोपारा,मुंबई,कल्याण,नेरुल,जलगांव,गुजरात और उत्तर प्रदेश से 21 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 

24 जून की रात करीब 8:40 बजे नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर, मनवेलपाड़ा रोड स्थित प्रिया वाशिंग सेंटर के पास बाबा पार्किंग परिसर से पुलिस ने अविनाश उर्फ सोनू लोकनाथ अय्यर और रविकांत ओमप्रकाश राम को 112 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया था। तुलिंज पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस को पता चला कि एमडी के इस कारोबार से जुड़े लोगों का नेटवर्क महाराष्ट्र के नालासोपारा,मुंबई,कल्याण,नेरुल और जलगांव के अलावा गुजरात और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है।इसके बाद पुलिस ने अबडासा,जिला कच्छ,गुजरात से जुम्मा तालाब ठाकर को गिरफ्तार कर एमडी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।

इसके बाद रायगढ़ जिले के नेरुल इलाके से आयर्न सय्यद, जाहिद शेख उर्फ जावेद, हसीब सिद्दीकी, मोईनुद्दीन शब्बीर शेख उर्फ मोईन, रहीम ताहेर पिंजारी, मुशाहिद अली समेत कई को गिरफ्तार करते हुए बड़ी मात्रा में एमडी बरामद की थी। गिरफ्तार आरोपित रजनीश मिश्रा और शिवधन मिश्रा से पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मांडा थानांतर्गत कोसड़ा कला में खेत की जमीन किराए पर लेकर टिन/पत्रे का शेड बनाया गया है। उसी में एमडी बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही है।

जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र पुलिस की अपराध प्रकटीकरण शाखा, कक्ष-फोर की टीम ने यहां पहुंचकर छापेमारी की।यहां से 52 किलो 932 ग्राम एमडी बरामद की। इसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न रसायन और लैब उपकरण भी मिले।बरामद सामान में मोनो मिथाइलएमीन,एसीटोन,हाइड्रोक्लोरिक एसिड,क्लोरोफार्म, 260 लीटर रसायन,250 और 150 लीटर क्षमता के फ्लास्क, हीटिंग मेंटल, ड्रापिंग फनल और थर्मामीटर समेत अन्य उपकरण शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक अब तक 69 किलो 759 ग्राम एमडी बरामद की जा चुकी है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 140 करोड़ रुपये है।

पुलिस जांच के मुताबिक इस मामले में एमडी बनाने वालों के साथ-साथ रसायन और लैब उपकरण उपलब्ध कराने वाले, मादक पदार्थ की तस्करी और बिक्री करने वाले,पैडलर और आर्थिक लेन-देन में शामिल लोग भी पकड़े गए हैं। इस गिरोह के संगठित अपराध और इसके संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच पुलिस कर रही है।

बता दें कि प्रयागराज में ड्रग्स फैक्ट्री के खुलासे और 140 करोड़ की कथित बरामदगी ने नशीले पदार्थों के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।अब जांच का अगला फोकस इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और इसके पीछे मौजूद अन्य लोगों की पहचान पर है।

More news