मेरठ।उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने नौ साल बाद गुरुवार को सूबे की राजधानी लखनऊ में सियासी शक्ति प्रदर्शन किया।इस रैली में लाखों की संख्या में पूरे यूपी से कार्यकर्ता पहुंचे थे।लखनऊ रैली से उत्साहित बसपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने रविवार को पश्चिम क्षेत्र और मेरठ मंडल के प्रभार में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है।पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली,पूर्व सांसद गिरीश चंद्र जाटव और वरिष्ठ नेता सूरज सिंह जाटव को पश्चिम क्षेत्र का प्रभारी बनाया है।मेरठ मंडल के पदाधिकारियों में भी फेरबदल किया गया है।माना जा रहा है कि लखनऊ रैली में बसपा के पश्चिम क्षेत्र की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
रविवार को बसपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने रैली की सफलता के बाद दलित-मुस्लिम समीकरण के तहत संगठन में फेरबदल किया है।पश्चिम क्षेत्र में पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली और पूर्व सांसद गिरीश चंद्र जाटव के साथ अब वरिष्ठ नेता सूरज सिंह जाटव को भी लगाया गया है। इसी तरह मेरठ मंडल की जिम्मेदारी डाॅक्टर कमल सिंह राज,मेघानंद जाटव, रोहताश सिंह जाटव के साथ परवेज आलम गोलू को दिया है। अभी तक डाॅ.कमल सिंह राज मुरादाबाद मंडल देख रहे थे। मेरठ मंडल का काम देख रहे सतपाल सिंह पेपला को अब अलीगढ़ मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।माना जा रहा है कि मिशन-2027 के तहत बसपा में ये परिवर्तन हो रहे हैं। अभी कुछ और परिवर्तन की संभावना है।