चंबल की अवैध बालू पर कसा शिकंजा:अवागढ़ में दो ओवरलोड डंपर जब्त,प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति का कड़ा संदेश
चंबल की अवैध बालू पर कसा शिकंजा:अवागढ़ में दो ओवरलोड डंपर जब्त,प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति का कड़ा संदेश

21 Feb 2026 |   30



ब्यूरो तुर्रम सिंह 

एटा।अवागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंबल क्षेत्र से बालू और मिट्टी से लदे दो डंपर ट्रक को जब्त कर लिया।यह कार्रवाई पोंडरी के नगला फतेह पेट्रोल पंप के निकट रात्रि लगभग 11 बजे चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान की गई।

प्रारंभिक जांच में दोनों डंपर ट्रक निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक लदे पाए गए,जिससे सड़क सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।मौके पर चालक वैध परमिट,खनन संबंधी दस्तावेज और वजन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।संदेह है कि ये अवैध खनन गतिविधियों से जुड़े हो सकते हैं।पुलिस ने दोनों को सीज कर थाना अवागढ़ परिसर में खड़ा कराया गया है।आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

यह चेकिंग अभियान उपजिलाधिकारी जलेसर भावना विमल के निर्देशन में चलाया गया।संयुक्त टीम में नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल और तहसीलदार जलेसर संदीप सिंह सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे। 

प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध निरंतर सख्ती बरती जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन,ओवरलोडिंग एवं माफिया गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी। 
आम  नागरिकों से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

विशेषज्ञों के अनुसार ओवरलोड वाहन न केवल सड़कों की संरचना को क्षति पहुंचाते हैं,बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कई गुना बढ़ा देते हैं। ऐसे मामलों में परिवहन नियमों के साथ-साथ खनन अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत भी दंडात्मक कार्यवाही की जा सकती है।

बता दें कि इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सख्त संदेश गया है कि नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे विशेष अभियान और तेज किए जाएंगे।

More news