नई दिल्ली।सुरक्षा एजेंसियों ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है।एजेंसियां पाकिस्तान,बांग्लादेश और नेपाल से जुड़े एक संदिग्ध सीमा-पार गिरोह की जांच कर रही हैं। 9 गुर्गे गिरफ्तार किए गए हैं,इनके पास से 18 आधुनिक हथियार बरामद किए हैं।
यह गैंग पाकिस्तान,बांग्लादेश और नेपाल के संपर्कों के जरिए मुंगेर के रास्ते कई राज्यों में हथियार पहुंचाने की फिराक में था।इस मामले में एनआईए के वांछित आरोपी शाहबाज अंसारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बता दें कि बीते दिनों नोएडा से भी दो गैंगस्टरों को पकड़ा गया था,जो सीधे तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम कर रहे थे।ये सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भड़काने,स्लीपर सेल बनाने और महत्वपूर्ण जगहों की रेकी करने में शामिल थे।इनका मुख्य उद्देश्य भारत की आंतरिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना और टारगेट किलिंग को अंजाम देना था।
आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल कर दिल्ली को दहलाने की एक बड़ी आतंकी साजिश नाकाम
सूत्रों ने बताया कि आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल करके राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को दहलाने की एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।इस मामले में पाकिस्तान,बांग्लादेश और नेपाल से जुड़े एक संदिग्ध सीमा पार गिरोह की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने नौ कथित गुर्गों से 18 आधुनिक हथियार बरामद किए हैं। ये मुंगेर के रास्ते इन हथियारों को कई राज्यों में पहुंचाने की योजना बना रहे थे।
शाहबाज अंसारी की भूमिका भी जांच
सूत्रों ने बताया कि इस मामले में शाहबाज अंसारी की भूमिका भी जांच की जा रही है। शाहबाज अंसारी सिद्धू मूसेवाला हथियार सप्लाई मामले में NIA का वॉन्टेंड आरोपी है। शहबाज अंसारी यूपी के खुर्जा का रहने वाला है। यह घटनाक्रम पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी के बाद सामने आया है। 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले में 25 भारतीयों और एक नेपाली नागरिक की जान चली गई थी।
पाक में बैठे आकाओं और आईएसआई के इशारे पर कर रहे थे काम
बीते 24 अप्रैल को यूपी एटीएस ने नोएडा से 2 ऐसे गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया जो पाकिस्तान में बैठे आकाओं और खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम कर रहे थे। संदिग्धों की पहचान तुषार चौहान (उर्फ हिज्बुल्लाह अली खान, 20 वर्ष) और समीर खान के रूप में हुई है। इन संदिग्धों को एक पिस्टल,जिंदा कारतूस और एक चाकू के साथ पकड़ा गया था। यह कार्रवाई खुफिया जानकारी मिलने के बाद की गई थी।
टार्गेट किलिंग को अंजाम देने की फिराक में थे गुर्गे
सूत्रों के अनुसार ये गैंगस्टर आईएसआई के निर्देशों पर भारत की आंतरिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में थे। एटीएस की मानें तो ये आतंकी संगठनों और गैंगस्टरों के साथ मिलकर इंस्टाग्राम और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को बरगलाने में लगे थे। ये दोनों आतंकी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के साथ मिलकर काम करते थे।ये स्लीपर सेल बनाकर टार्गेट किलिंग को अंजाम देने और संवेदनशील जगहों की रेकी करने की फिराक में थे।
हिज्बुल्लाह अली से किए गए थे ये वादे
यूपी एटीएस के अनुसार शहजाद भट्टी ने कथित तौर पर हिज्बुल्लाह अली को 3 लाख रुपये देने का ऑफर दिया था। कुछ रकम उसे दे भी दी गई थी। हिज्बुल्लाह अली से वादा किया गया था कि हमले जब हो जाएंगे तो उसे पासपोर्ट मुहैया कराया जाएगा। उसे दुबई के रास्ते पाकिस्तान जाने से सेफ रास्ता भी मुहैया कराया जाएगा। हिज्बुल्लाह अली का सीधा संबंध आईएसआई के उन एजेंटों से था,जिन्हें मेजर हामिद, मेजर इकबाल और मेजर अनवर के नाम से जाना जाता है। इन्हीं ने हथियारों और पैसों को पहुचाने में मदद की थी।