दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी, 41.9 पारा,शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी
दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी, 41.9 पारा,शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी

24 Apr 2026 |   21



 

नई दिल्ली।देश की राजधानी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी है।साथ भीषण गर्मी भी पड़ रही है।बीते दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। राजधानी के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया,जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राजधानी के दो स्टेशनों रिज और लोधी रोड पर लू की स्थिति देखी गई,जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री से अधिक रहा।

लोधी रोड पर 41.8 पारा

लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक था। वहीं रिज क्षेत्र में पारा और अधिक चढ़कर 43.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया,ये सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार लू की स्थिति तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस हो और सामान्य से 4.5 डिग्री या उससे अधिक हो,या फिर तापमान सीधे 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाए।

42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच संभावना

मौसम विभाग द्वारा जारी शाम के बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली के कुछ हिस्सों को ध्यान में रखते हुए शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कल तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

न्यूनतम तापमान कितना रहने का अनुमान

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई है,जो सामान्य से लगभग दो डिग्री अधिक 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सप्ताहांत के दौरान न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

लगातार बढ़ रहा तापमान

गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था,जो कि आज के मुकाबले 0.9 डिग्री कम था।मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस से 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

दिल्ली में एक्यूआई खराब

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में सुबह वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। एक्यूआई 210 दर्ज किया गया। बता दें कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक,101 से 200 के बीच मध्यम,201 से 300 के बीच खराब,301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

More news