नई दिल्ली।आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा है।सांसद राघव चड्ढा,संदीप पाठक और अशोक मित्तल सहित सात राज्यसभा सदस्यों ने आप छोड़ दी है।राघव ने पाठक और मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्यों में से दो-तिहाई ने पार्टी छोड़ दी है और वे एक गुट के रूप में भाजपा में शामिल होंगे।राघव ने कहा कि पार्टी सांसद हरभजन सिंह और स्वाति मालीवाल भी आप छोड़ रहे हैं। सातो राज्यसभा सांसदों के एक साथ पार्टी छोड़ने के बाद राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के अब केवल 3 सासंद बचे हैं।
इस पूरे सियासी घटनाक्रम पर अब कांग्रेस नेता उदित राज ने चुटकी ली है।उदित राज ने तंज कसते हुए कहा है कि इन सांसदों के बीजेपी में शामिल होने से आम आदमी पार्टी ने बीजेपी और आरएसएस का कुछ ऋण तो अदा कर ही दिया। उदित राज ने एक्स पर पोस्ट कर कहा,दो तिहाई आप के राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हो गए, इससे कुछ तो ऋण आरएसएस और बीजेपी का अदा हुआ। केजरीवाल एक एनजीओ चलाने वाले इंसान थे और उन्हें बीजेपी का एहसान मानना चाहिए कि कांग्रेस के खिलाफ उन्हें ताकत दी और पार्टी बनवाई।रामलीला मैदान में लाखों की भीड़,उनके रहने और खाने की व्यवस्था भी बीजेपी ने ही की थी। केजरीवाल को भी बीजेपी में शामिल हो जाना चाहिए ताकि वे कुछ ऋण चुका पाएं।
बता दें कि हाल ही में राघव चड्ढा को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया गया था।राघव की जगह मित्तल को नियुक्त किया गया था। राघव ने कहा, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के 10 सदस्य हैं। इनमें से दो तिहाई से अधिक सांसद इस पहल में हमारे साथ हैं। राघव ने कहा,उन्होंने पहले ही साइन कर दिए हैं और आज सुबह हमने राज्यसभा के सभापति को हस्ताक्षरित पत्रों और अन्य औपचारिक दस्तावेज सहित सभी आवश्यक कागजात सौंप दिए हैं।आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए राघव ने कहा कि पार्टी अब देश के लिए नहीं, बल्कि अपने ही फायदे के लिए काम कर रही है।
राघव चड्ढा ने कहा,पिछले कुछ वर्षों में मुझे यह महसूस होने लगा है कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं।आज मैं आप से अलग होने और जनता के साथ अधिक निकटता से काम करने के अपने निर्णय की घोषणा करता हूं।
राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होगी,लेकिन ऐसा हो गया है। पाठक ने कहा,मैं दस साल तक इस पार्टी से जुड़ा रहा और आज मैं आम आदमी पार्टी से अलग हो रहा हूं।