खारे पानी वाले गांवों को मिलेगा मीठा पानी,नहर से सतही जल योजना जोड़ने की तैयारी,डीएम ने मांगी विशेष कार्ययोजना
खारे पानी वाले गांवों को मिलेगा मीठा पानी,नहर से सतही जल योजना जोड़ने की तैयारी,डीएम ने मांगी विशेष कार्ययोजना

09 Sep 2026 |   44



ब्यूरो तुर्रम सिंह 

एटा। जिले के खारे पानी से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है।जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने शिविर कार्यालय में जल निगम (ग्रामीण) और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रभावित गांवों को सतही जल योजना से जोड़ने और नहर के माध्यम से मीठा पानी उपलब्ध कराने की संभावनाओं की समीक्षा की।

बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) अमन यादव ने बताया कि खारे पानी से प्रभावित क्षेत्रों में नहर के माध्यम से क्लियर वाटर रिसोर्स उपलब्ध कराकर सतही जल योजना के तहत ग्रामीणों को शुद्ध एवं मीठा पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है।इसके लिए जलेसर विकासखंड में करीब 800 किलोलीटर,अवागढ़ में 850 किलोलीटर तथा निधौली कलां क्षेत्र में करीब 200 किलोलीटर क्षमता के सीडब्ल्यूआर के माध्यम से जलापूर्ति की संभावनाओं का परीक्षण किया गया है।

डीएम अरविंद सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्ताव का तकनीकी एवं व्यावहारिक परीक्षण कर विशेष कार्ययोजना एवं विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। डीएम ने कहा कि खारे पानी से प्रभावित ग्रामीणों को स्थायी राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।प्रस्ताव में जल स्रोत,पाइपलाइन और अन्य आवश्यक ढांचागत व्यवस्था,कवरेज क्षेत्र,परियोजना की व्यवहार्यता और संभावित लागत समेत सभी जरूरी बिंदुओं को शामिल किया जाए, ताकि शासन स्तर से स्वीकृति और परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।

डीएम अरविंद सिंह ने कहा कि योजना के मूर्त रूप लेने पर खारे पानी की समस्या से प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित एवं मीठा पेयजल उपलब्ध होगा और पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलेगी।

बैठक में सहायक अभियंता जल निगम ग्रामीण निखिल कुमार, जिला समन्वयक दिवाकर सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर सुधाकांत विश्वकर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

More news