नगला दयाराम की गलियों में 2 से 3 फीट पानी,सात-आठ साल से जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण
जल निकासी बाधित होने से ग्रामीण परेशान,गंदे पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा,एसडीएम जलेसर को सौंपा प्रार्थना पत्र
ब्यूरो तुर्रम सिंह
जलेसर/एटा। तहसील जलेसर क्षेत्र के ग्राम नगला दयाराम में पिछले लगभग सात-आठ वर्षों से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है।गांव की गलियों में लगभग 2 से 3 फीट तक पानी भरने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।समस्या से परेशान ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी जलेसर को प्रार्थना पत्र सौंपकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से गलियों का पानी नाली के माध्यम से बाहर निकलता था,लेकिन चकबंदी के बाद जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित होने से पानी की निकासी बाधित हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब सात-आठ वर्ष पूर्व गली के सामने स्थित जल निकासी के स्रोत पर बांध लगा दिए जाने से समस्या और गंभीर हो गई।जलभराव के कारण गलियों में गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।डेंगू, मलेरिया सहित संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्कूली बच्चों समेत आम लोगों को रोजाना जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों ने एसडीएम जलेसर से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजा जाए तथा जल निकासी और सफाई की स्थायी व्यवस्था कराकर वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कराया जाए। प्रार्थना पत्र पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी समस्या से प्रशासन को अवगत कराया है।