सपा की रैली में राजा भइया के समर्थकों का हुजूम,अखिलेश बोले- जो नाराज थे वो अब साथ
सपा की रैली में राजा भइया के समर्थकों का हुजूम,अखिलेश बोले- जो नाराज थे वो अब साथ

24 May 2024 |  116



ब्यूरो देवीशरण मिश्रा


प्रतापगढ़।पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव गुरुवार को प्रतापगढ़ पहुंचे।यहां राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित किया।इसमें रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भ‌इया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।भारी संख्या में जनसत्ता दल के कार्यकर्ता अखिलेश की रैली में झंडे-बैनर के साथ नजर आए।बिना राजा भइया का नाम लिए कहा कि हमें चारों तरफ से समर्थन मिल रहा है। अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस का समर्थन मिल गया है। आम आदमी पार्टी का भी समर्थन मिल गया है।जो लोग थोड़ा बहुत नाराज रहते थे, वो लोग भी आज साथ आ गए हैं।

आपस में टकरा रहा है दिल्ली और लखनऊ का इंजन

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि सुनने में आया है कि जनता का गुस्सा देखकर यहां भाजपा प्रत्याशी की आंखों से आंसू निकल आए हैं। 10 साल में इनकी हर बात और वादा झूठा निकला। जबसे कांग्रेस और सपा एक हुए तब से दिल्ली और लखनऊ का इंजन आपस में टकरा रहा है।ये लोग जीरो होने जा रहे हैं,लखनऊ और दिल्ली वाले हम लोगों को गुमराह कर रहे हैं,धोखा दे रहे हैं।याद है, सपा सरकार में हम लोगों ने लैपटॉप दिया था। उसकी नकल करने के बाद इस सरकार ने उसे छोटा कर दिया है। इतना छोटा कि उसमें उंगली घिसते रहिए, वो चलता ही नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि हमने एंबुलेंस दी थी, इन्होंने एंबुलेंस तो खराब कर दी। साथ ही अस्पताल की व्यवस्था भी खराब कर दी। दिल्ली वालों ने कभी भी ऐसा कोई अस्पताल नहीं बनाया, जहां फ्री इलाज मिल सके। हमने 100 नंबर वाली पुलिस बनाई, गाड़ी दी थी। इन्होंने उसका नाम बदल दिया।

शहजादे शह भी देंगे और मात भी

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि यह लोग शहजादे-शहजादे करते हैं। यही शहजादे शह भी देंगे और मात भी देंगे। दिल्ली वालों ने दिल्ली में अपना सामान बांध लिया है। अब जनता इनसे अपने वोटों के माध्यम से हिसाब-किताब करने जा रही है। जब कोई इनसे इलेक्टोरल बॉन्ड के बारे में पूछता है तो उसका जवाब नहीं देते हैं।इलेक्टोरल बॉन्ड ने इनके भ्रष्टाचार की पोल खोल कर रख दी है। केंद्र में हमारी सरकार बनेगी तो जो 30 लाख नौकरियां खाली हैं, वो भरी जाएंगी, साथ ही साथ अग्निवीर की नौकरी को खत्म करने का काम किया जाएगा। इस सरकार ने जान-बूझकर पेपर रद्द करवाए हैं, जिससे इनको नौकरी ना देनी पड़ जाए और आरक्षण ना देना पड़ जाए।

बता दें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ एसपी सिंह पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने प्रतापगढ़ पहुंचे थे।मंच पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी,कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना, सपा विधायक राम सिंह पटेल, आरके वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।

More news