लखीमपुर में तेज हवा के साथ बारिश,गिरी धान की फसल,बरेली-बदायूं में भी मौसम ने ली करवट
लखीमपुर में तेज हवा के साथ बारिश,गिरी धान की फसल,बरेली-बदायूं में भी मौसम ने ली करवट

30 Sep 2025 |   67



 

लखनऊ।मानसून की विदाई की बेला के बाद मंगलवार को मौसम ने करवट बदला।लखीमपुर खीरी जिले के कुछ इलाकों में मंगलवार सुबह बारिश आफत बनकर बरसी।फरधान, बेहजम और आसपास के क्षेत्र में सुबह बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है।धान की फसल खेतों में गिर गई है।दोपहर बाद तक बादलों का आवागमन जारी रहा।मध्यम गति से चल रही हवा ने अन्नदाताओं के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है।खेतों में धान की फसल तैयार है।कुछ जगहों पर धान की कटाई शुरू हो गई है।ऐसे में मौसम का करवट बदलने से अन्नदाताओं की चिंता बढ़ा दी है। 

बरेली में सुबह हुई बूंदाबांदी,दोपहर में हुई तेज बारिश 

बरेली में मंगलवार सुबह लगभग सात बजे काले बादल छा गए और बूंदाबांदी शुरू हो गई।दोपहर में लगभग एक बजे तेज बारिश हुई। बारिश से मौसम ठंड हो गया।पीलीभीत जिले में बादल छाए रहे। दशहरे से पहले मौसम के करवट बदलने से अन्नदाता चिंतित हैं।

बदायूं में बारिश से मौसम हुआ सुहावना

बदायूं जिले में पिछले कई दिनों से हो रही गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली।मंगलवार को सुबह से ही काले बादल छाने लगे। सुबह लगभग 10 बजे हल्की बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। धीरे-धीरे तेज हुई बारिश ने पूरे शहर को भिगो दिया। बारिश से गलियों और मुख्य सड़कों पर जलभराव हुआ।बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम लोग दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 

रुहेलखंड से 29 सितंबर को विदा हुआ मानसून 

झमाझम बारिश से तरबतर करने के बाद मानसून 29 सितंबर को रुहेलखंड से लौट चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक इस वर्ष जुलाई और अगस्त में मानसून ने रिकॉर्ड बारिश की। सितंबर की शुरुआत में भी जिले को बारिश से सरोबार करने के बाद आखिरी सप्ताह में गर्मी के कारण लोगों को पसीने से तरबतर होना पड़ा। मानसून के लौटने के तुरंत बाद मौसम बदला है।

More news