बेटियों के दुश्मनों को योगी की खुली चेतावनी,जेल या जहन्नुम,तीसरा रास्ता नहीं
बेटियों के दुश्मनों को योगी की खुली चेतावनी,जेल या जहन्नुम,तीसरा रास्ता नहीं

09 Sep 2026 |   29



 

वाराणसी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अपने एक दिवसीय काशी दौरे के दौरान बाबतपुर-पिंडरा में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को जेल या जहन्नुम मिलेगा तीसरा कोई रास्ता नहीं है।

बेटियों की सुरक्षा से समझौता नहीं

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में बेटी की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।मिशन शक्ति के माध्यम से बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत आधार मिला है।उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।प्रदेश की वीरांगनाओं के नाम पर पीएसी की महिला बटालियन भी बनाई गई हैं।

पुलिस विभाग में बेटियों को प्राथमिकता

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पुलिस में करीब 10 हजार महिलाएं थीं,जबकि आज यह संख्या बढ़कर लगभग 45 हजार हो चुकी है। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पीएसी की तीन महिला बटालियन का नाम तीन महान वीरांगनाओं रानी अवंतीबाई लोधी,वीरांगना ऊदा देवी और वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर रखा गया है।यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में हुए बदलाव को दर्शाता है।

योजनाओं की जानकारी

सीएम योगी ने पिंडरा विधायक अवधेश सिंह के क्षेत्र में विकास कार्यों और कार्यक्रम के आयोजन की सराहना की। सीएम ने कहा कि सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है,बल्कि उनका लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का काम भी कर रही है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का प्रयास हुआ है और घर-घर शौचालय उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया गया है।बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना,सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

महिलाएं हो रही आर्थिक मज़बूत

सीएम ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालयों में आधी सीटें बेटियों के लिए सुनिश्चित की गई हैं।कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के माध्यम से बेटियों की शिक्षा को आगे बढ़ाया जा रहा है। सीएम ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि मेधावी छात्राओं को स्कूटी वितरित की जाएगी।महिला आर्थिक स्वावलंबन पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में करीब 28 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं।बीसी सखी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं को नई जिम्मेदारियां और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

सपना नहीं रहेगा अधूरा

सीएम योगी ने कहा कि आज महिलाएं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, खेल,सेना सहित किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।पूंजी के अभाव में किसी महिला का सपना अधूरा नहीं रहने दिया जाएगा। सरकार दृढ़ संकल्प के साथ महिलाओं के साथ खड़ी है। सीएम ने कहा कि विधवा,दिव्यांग और बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 12 हजार रुपये की पेंशन उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है,इसमें वृद्धि के लिए भी सरकार प्रयासरत है। पूंजी के अभाव में अब किसी महिला का सपना अधूरा नहीं रहेगा,सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहयोग करेगी।

More news