5 साल की सबसे तेज प्रॉफिट ग्रोथ से भी शेयर बाजार पर असर नहीं,चीन में आखिर चल क्या रहा है
5 साल की सबसे तेज प्रॉफिट ग्रोथ से भी शेयर बाजार पर असर नहीं,चीन में आखिर चल क्या रहा है

06 Sep 2026 |   23



 

नई दिल्ली।चीन की शेयर बाजार की कहानी फिलहाल कुछ उलटी नजर आ रही है।कंपनियों के मुनाफे में लगभग पांच साल की सबसे तेज बढ़ोतरी के बावजूद निवेशकों का भरोसा लौटता नहीं दिख रहा है।अर्थव्यवस्था में सुस्ती,घरेलू मांग की कमजोरी और खासकर ए‌आई पर भारी निवेश से वास्तविक रिटर्न मिलने को लेकर बढ़ती चिंता ने शानदार कमाई के आंकड़ों की चमक फीकी कर दी है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक...

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक चीन के घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट कंपनियों का अप्रैल-जून तिमाही में मुनाफा एक साल पहले की तुलना में 25.7 फीसदी बढ़ा है।यह करीब पांच साल में सबसे तेज ग्रोथ है,लेकिन इसका असर शेयर बाजार पर उलटा रहा।इस तिमाही में CSI 300 लगभग 9 फीसदी गिर चुका है,जबकि टेक्नोलॉजी केंद्रित STAR 50 Index लगभग 29 फीसदी टूट गया है।

अच्छी कमाई भी शेयरों को क्यों नहीं संभाल पा रही

एक बड़ी वजह यह है कि बाजार पहले ही काफी उम्मीदें कीमतों में शामिल कर चुका था।जून तक समाप्त तिमाही में STAR 50 में लगभग 76 फीसदी और CSI 300 में 12 फीसदी की तेजी आ चुकी थी।ऐसे में शेयरों को और ऊपर ले जाने के लिए कंपनियों की कमाई में सिर्फ मजबूत ग्रोथ पर्याप्त नहीं रही।निवेशक आगे की उम्मीदों को भी तलाश रहे हैं,जो उन्हें फिलहाल दिख नही रही।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में Union Bancaire Privée के एमडी Vey-Sern Ling ने कहा कि टेक्नोलॉजी कंपनियों के लिए अब मजबूत नतीजे पर्याप्त नहीं हैं।निवेशक कमाई की लंबी अवधि की स्थिरता,ए‌आई निवेश से मिलने वाले रिटर्न की अनिश्चितता और बढ़ती वित्तीय लागत को लेकर चिंतित हैं।

ए‌आई कंपनियों का मुनाफा उछला,लेकिन शेयर फिसले

CICC के आंकड़ों के मुताबिक मुनाफे की बढ़ोतरी में ए‌आई से जुड़ी कंपनियों का बड़ा योगदान रहा।यूबीएस सिक्योरिटीज के आंकड़ों में ChiNext बोर्ड की कंपनियों का मुनाफा 42 फीसदी और STAR बोर्ड की कंपनियों का मुनाफा 370 फीसदी बढ़ा,जबकि मुख्य बोर्ड की ग्रोथ इससे काफी कम रही।इसके बावजूद कई टेक कंपनियों के शेयर मजबूत नतीजों के बाद भी नहीं टिक पाए।मेमोरी चिप कंपनी CXMT की आय ने एनालिस्ट की उम्मीदों को पीछे छोड़ा,लेकिन उसके शेयर में उतार-चढ़ाव बना रह। Hygon Information Technology, Cambricon Technologies और Eoptolink Technology जैसी कंपनियों के मजबूत नतीजों के बावजूद उनके शेयरों में गिरावट आई।हांगकांग में Alibaba और Tencent की स्थिति भी यही कहानी बताती है।Alibaba का राजस्व बढ़ा,लेकिन मुनाफा तेजी से घटा,क्योंकि ए‌आई प्रोजेक्ट और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की लागत बढ़ रही है। Tencent के ए‌आई खर्च में दोगुने से ज्यादा वृद्धि हुई और उसके शेयर भी कमजोर पड़े।यानी निवेशक अब ए‌आई की महत्वाकांक्षा से ज्यादा उसके बढ़ते खर्च और निवेश पर मिलने वाले रिटर्न को देख रहे हैं।

अर्थव्यवस्था में मांग की कमजोरी बड़ी चिंता

चीन की अर्थव्यवस्था की सुस्ती भी बाजार पर दबाव डाल रही है।घरेलू मांग कमजोर है,प्रॉपर्टी सेक्टर लंबे समय से संकट में है और बीजिंग से बड़े पैमाने पर नई पॉलिसी सपोर्ट की उम्मीद भी कम हो गई है।मुनाफे की बढ़ोतरी भी कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित रही।संसाधन,वित्तीय सेवाओं और फार्मास्यूटिकल्स कंपनियों को फायदा हुआ।कमोडिटी कीमतों ने नॉन-फेरस मेटल,कोयला,तेल और केमिकल कंपनियों के मुनाफे को सहारा दिया।वहीं बायोटेक और नई दवाओं से जुड़ी कंपनियों की कमाई में सुधार हुआ।इसके उलट कमजोर घरेलू मांग का असर कंज्यूमर सर्विसेज,कृषि,रियल एस्टेट,फूड एंड बेवरेज,कंस्ट्रक्शन मैटेरियल और ऑटो सेक्टर पर पड़ा। China Vanke का घाटा बढ़ा, Kweichow Moutai का मुनाफा घटा और Muyuan Foods घाटे में चली गई।

मजबूत युआन और टैक्स का भी दबाव

कमाई पर दूसरी तरफ मजबूत चीनी युआन का भी असर पड़ा। CICC के अनुसार गैर-वित्तीय A-शेयर कंपनियों को पहली छमाही में 107 अरब युआन यानी करीब 16 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा नुकसान हुआ।यह उनके शुद्ध मुनाफे का 5.5 फीसदी था और लगभग एक दशक में सबसे बड़ा अनुपात रहा।इसके अलावा टैक्स भुगतान पर सख्ती ने भी कंपनियों का बोझ बढ़ाया।कम से कम 95 लिस्टेड कंपनियों ने इस साल बकाया भुगतान की जानकारी दी है,जबकि पूरे 2025 में यह संख्या 66 थी।

IPO भी खींच रहे हैं शेयर बाजार से पैसा

रिपोर्ट के मुताबिक टेक शेयरों पर एक और दबाव नए IPO का है। निवेशक तेजी से नए लिस्टिंग में ज्यादा रिटर्न की तलाश कर रहे हैं,जिससे पहले से बढ़त दर्ज कर चुके शेयरों से पैसा निकलकर नए ऑफर में जा रहा है।नए टेक IPO की बढ़ती कतार इस प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकती है। Chanson & Co. के Shen Meng के मुताबिक ए‌आई ट्रेड में नई तेजी के लिए नए संकेतों की कमी के बीच कुछ फंड नए IPO की ओर जा रहे हैं,ऐसे माहौल में मौजूदा कंपनियों के उम्मीद से बेहतर नतीजे भी शेयरों को ऊपर ले जाने के बजाय मुनाफावसूली करा सकते हैं।फिर भी तस्वीर पूरी तरह निराशाजनक नहीं है। CSI 300 और MSCI China के फॉरवर्ड अर्निंग अनुमान कई वर्षों के ऊंचे स्तर के करीब हैं। बीजिंग की तरफ से नई नीतिगत मदद और शी जिनपिंग-डोनाल्ड ट्रंप की संभावित बैठक बाजार के लिए नए ट्रिगर बन सकती है।

More news