ओपी राजभर का कौन-सा फोटो वायरल होने पर हुआ बवाल,बुरी तरह भड़के
ओपी राजभर का कौन-सा फोटो वायरल होने पर हुआ बवाल,बुरी तरह भड़के

10 Sep 2026 |   27



 

बलिया।योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर की एक आपत्तिजनक एडिटेड तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है।इस मामले में बलिया पुलिस ने एक सोशल मीडिया यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

आरोप है कि फेसबुक पर मंत्री ओपी राजभर की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर उसे अपमानजनक तरीके से पोस्ट किया गया।शिकायतकर्ता ने इसे ओपी राजभर की सामाजिक,राजनीतिक और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बताया है।पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मामला बुधवार देर रात दर्ज किया गया। शिकायत सुभासपा के सियर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरि नाथ राजभर ने की थी,इसके आधार पर फेसबुक यूजर कलीम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।

एफआईआर के मुताबिक आरोपी ने 8 सितंबर को एक एडिटेड तस्वीर फेसबुक पर शेयर की थी,इसमें ओम प्रकाश राजभर का चेहरा एक मेंढक के शरीर पर लगाया गया था। तस्वीर के साथ हंसने वाला इमोजी भी लगाया गया था

शिकायत में कहा गया है कि तस्वीर को जानबूझकर इस तरह तैयार करके पोस्ट किया गया,जिससे ओम प्रकाश राजभर का अपमान हो और उनकी सामाजिक,राजनीतिक तथा सार्वजनिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जांच शुरू कर दी है।अब पुलिस पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट किस परिस्थिति में किया गया और इसके पीछे आरोपी की मंशा क्या थी।

उभांव थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी बलिया के बिथुआ गांव का रहने वाला है।फिलहाल उसके मुंबई में होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।अब जांच में सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े तथ्यों और आरोपी की भूमिका को देखा जाएगा।

More news