विधानसभा चुनाव से पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव ने की महत्वपूर्ण घोषणा,कहा-यूपी में खत्म होगी आउटसोर्सिंग व्यवस्था,मिलेगी पक्की नौकरी
विधानसभा चुनाव से पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव ने की महत्वपूर्ण घोषणा,कहा-यूपी में खत्म होगी आउटसोर्सिंग व्यवस्था,मिलेगी पक्की नौकरी

10 Sep 2026 |   27



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने गुरुवार को राजधानी लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महत्वपूर्ण घोषणा की।अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर आउसोर्सिंग व्यवस्था खत्म होगी और पक्की नौकरी मिलेगी। 

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भले ही सपा सभी 80 सीटें जीत लें,फिर ईवीएम का विरोध करेंगे।अखिलेश ने कहा कि यह पहला विधानसभा चुनाव होगा,जिसकी घोषणा होते ही भाजपा हार मान लेगी।चुनाव की तारीख आते ही जनता अपना फैसला बता देगी। अखिलेश ने कहा कि सरकार चाहे जितना पैसा खर्च करे,चाहे जितना अपना पॉलिटिकल मेकअप करा ले जनता इन्हें हटा देगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अपने अंतिम समय में आंगनबाड़ी से लेकर अन्य सेवाओं से जुड़े लोगों के मानदेय बढ़ाने की घोषणा कर रही है।दस साल में क्यों नहीं किया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पिछड़े,दलितों और आदिवासियों के साथ महिला आरक्षण के खिलाफ है।यह सरकार अल्पसंख्यकों का हक और सम्मान नहीं देना चाहती। अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थानों और मदरसों पर इनकी नजर है। 

अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई बढ़ती जा रही है,जीडीपी शून्य हो गई है।जीडीपी जब जीरो हो जाएगी तो लोगों को नौकरी,रोजगार कहां से मिलेगा।सरकार झूठे जीडीपी और निवेश के दावे करती है। अखिलेश ने कहा कि झांसी में एक व्यक्ति पैसे के अभाव में पत्नी का इलाज नहीं करा पाया,एम्बुलेंस नहीं मिली।बाद में मृत पत्नी की लाश बेतवा नदी में बहा दिया।अखिलेश ने कहा कि झांसी की घटना जीडीपी की पोल खोल रही है।सरकार जीडीपी 7.2 और 7.4 का दावा कर रही है।जीडीपी के सरकारी आकड़े भाजपा के मित्रों को बड़े-बड़े कारोबार कराने के लिए आ रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि इन लोगों ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा और चंदा चोरी कर लिया।अब रामवन गमन मार्ग में भी भ्रष्टाचार और लूट कर लिया। अखिलेश ने कहा कि जो लोग मंदिर के चंदे की लूट कर सकते हैं,वे सड़कों के बजट को भी नहीं छोड़ सकते।एक्सप्रेस-वे में जिस तरह का भ्रष्टाचार हुआ है,सभी जानते हैं। 

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी की छवि खराब करने,चरित्र के साथ खिलवाड़ के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। अखिलेश ने कहा कि हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए।बात अब खुल गई है कि छवि खराब करने और नकारात्मकता फैलाने के लिए भाजपा हजारों करोड़ रुपये सरकारी बजट का प्रयोग कर रही है।इतना नकारात्मक प्रचार कभी नहीं हुआ।

अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार में हुए फर्जी एनकाउंटर की समय आने पर जांच होगी।भाजपा सरकार लगातार आजम खां के साथ अन्याय कर रही है।मैसेज देने के लिए जानबूझकर सहारनपुर में 12 घंटे में मस्जिद गिरा दी गई। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार मैसेज देने के लिए अन्याय और अत्याचार कर रही है।दिल्ली में एक बिल्डिंग गिर गई,छात्रों की जान चली गयी,क्या वह अवैध बिल्डिंग नहीं थी। पूरे लखनऊ में भाजपा के पास सबसे ज्यादा अवैध भवन हैं।

आकाश आनंद को सपा में लिए जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह बसपा का अंदरूनी मामला है, लेकिन हसंते हुए सवाल पूछने वाले से कहा कि आप लाओगे तो जरूर ले लूंगा।अखिलेश के इस जवाब ने चर्चाओं को हवा दे दी है। भविष्य में दलित राजनीति से जोड़कर इस जवाब को देखा जा रहा है।

More news